धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
4 नवम्बर को दोपहर 1 बजे तक ऑनलाइन निविदा प्रपत्र डाउनलोड एवं ऑफर प्रस्तुत कर सकेंगे इच्छुक आवेदक
धार, 02 नवम्बर 2026। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए धार जिले की सात कंपोजिट मदिरा दुकानों का पुनर्निष्पादन किया जाएगा। यह प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों, शर्तों एवं प्रक्रिया के अनुसार ई-टेण्डर तथा ई-टेण्डर कम ऑक्शन के माध्यम से संपन्न होगी।
पुनर्निष्पादन के अंतर्गत एकल मदिरा समूह बाग (DHR/FCL-10) में सम्मिलित कंपोजिट मदिरा दुकान बाग क्रमांक-1, बाग क्रमांक-2, टाण्डा एवं रिंगनोद तथा एकल मदिरा समूह धार क्रमांक-1 (DHR/FCL-12) में सम्मिलित कंपोजिट मदिरा दुकान धार क्रमांक-1, गाछावाड़ी धार एवं गरड़ावद शामिल हैं।
कलेक्टर मीना की अध्यक्षता में गठित जिला निष्पादन समिति द्वारा कलेक्टर कार्यालय धार के सभाकक्ष में निष्पादन की कार्यवाही की जाएगी। पुनर्निष्पादन की अवधि 05 नवम्बर 2026 से 31 मार्च 2027 तक निर्धारित की गई है। निविदा की कुल अवधि 147 दिवस रहेगी।
सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन के लिए ऑनलाइन निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने एवं ऑफर प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 04 नवम्बर 2026 को दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। ई-टेण्डर कम ऑक्शन के प्रपत्र इसी दिन दोपहर 1.05 बजे से खोले जाएंगे। इसके अंतर्गत ऑक्शन की प्रक्रिया दोपहर 2.30 बजे से सायं 4.30 बजे तक संचालित होगी। यदि अंतिम 15 मिनट के अंतराल में बोली प्राप्त होती है, तो आगामी 15 मिनट के लिए समयावधि बढ़ाई जाएगी।
ई-टेण्डर खोलने की कार्यवाही संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने के बाद अथवा 04 नवम्बर 2026 को सायं 5 बजे, जो भी बाद में हो, की जाएगी। जिला समिति द्वारा ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों का निराकरण ई-टेण्डर खोलने की प्रक्रिया पूर्ण होने तक किया जाएगा।
मदिरा दुकानों के पुनर्निष्पादन से संबंधित नीति, निर्देश एवं विस्तृत जानकारी आबकारी विभाग की वेबसाइट www.excise.mp.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।





