जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार गंधवानी ( धार )
433.70 किलोग्राम गांजा बरामद, कीमत करीब 43 लाख रुपये; अवैध खेती के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार।
धार। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गंधवानी पुलिस ने ग्राम बोरदा में कार्रवाई करते हुए गांजे के 360 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 433.70 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपये है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरदा में कपास और तुवर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गंधवानी निरीक्षक प्रदीप खन्ना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खेतों में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान मगरसिंह पिता धनसिंह बिलवाल (45), निवासी ग्राम सिरोंज, चौकी जीराबाद, थाना गंधवानी, जिला धार के खेत से गांजे के 360 हरे पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने पौधों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना गंधवानी में अपराध क्रमांक 412/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के निर्देशन में की गई। अभियान में चौकी प्रभारी जीराबाद उप निरीक्षक मनीष कुमार चौधरी, उप निरीक्षक नीरज कोचले सहित थाना गंधवानी और चौकी जीराबाद के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धार पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





