धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
सेवा संकल्प अभियान अन्तर्गत विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता सम्पन्न
कुक्षी – विकसित भारत की संकल्पना सबके सम्मिलित प्रयासों से पूर्णता प्राप्त करके रहेगी। आज की नवीन पीढ़ी भविष्य के नए भारत के निर्माण की नींव रखेगी इसके लिए युवाओं , नारी शक्ति , किसान बंधुओं और आम नागरिकों को महती भूमिका निभाने की आवश्यकता है । भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए हर वर्ग को अपनी भागीदारी निभानी होगी । भारत सक्षम , समर्थ और सशक्त बनकर विकासशील देश से विकसित राष्ट्र में अग्रणी बने इसके लिए सभी अपने स्तर पर जुट जाएं । उक्त विचार अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वीरेन्द्रसिंह बघेल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुक्षी में सेवा संकल्प अभियान अन्तर्गत आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता कार्यक्रम में विकसित भारत की संकल्पना विषय पर व्यक्त किए । इस अवसर पर जन अभियान के सदस्य मनीष भावसार ने कहा कि शिक्षा रोजगार का साधन है किन्तु उससे प्राप्त ज्ञान को देश सेवा में समर्पित करना होगा । स्वागत भाषण संस्था प्रभारी नरेन्द्र कुमार सिर्वी ने दिया । स्वागत कविता मुकाती , बी. एल. गेहलोत , पन्नालाल बर्फा , लक्ष्मण सिंह जामोद , वीरूसिंह भिड़े , नीतेश गोयल , दीपक मालवीया , राकेश अलंसे , जगदीशचंद्र गुप्ता आदि ने किया । संचालन मनोज कुमार साधु ने किया ।
विकासखण्ड में 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने की भागीदारी
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि कुक्षी की माध्यमिक , हाईस्कूल व हायर सेकंडरी की शासकीय व अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के 2009 छात्र- छात्राओं ने स्कूल स्तर की चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी की । शासकीय संस्थाओं के 1094 विद्यार्थियों ने चित्रकला तथा 226 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सेदारी निभाई । अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के 452 विद्यार्थियों ने चित्रकला व 237 ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सेदारी निभाई । विकासखण्ड स्रोत समन्वयक सीताराम डावर व नोडल अधिकारी सहायक मनोज साधु व शिवराम पाटीदार ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता में संस्था स्तर चयनित 3 विद्यार्थी 22 सितम्बर को संकुल स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे । संकुल स्तर पर चयनित प्रत्येक संकुल से 3- 3 विद्यार्थी सीधे जिला स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल होंगे । भाषण प्रतियोगिता में संस्था स्तर पर चयनित 3 विद्यार्थी विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे । विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता कुक्षी मुख्यालय पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुक्षी में दोपहर 12 बजे से होगी । भाषण में विकासखण्ड स्तर पर 3 प्रतियोगियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा । इस प्रकार कुक्षी विकासखंड से चित्रकला प्रतियोगिता में 6 संकुल के 18 विद्यार्थी तथा भाषण विकासखंड स्तर पर चयनित 3 विद्यार्थी कुल 21 विद्यार्थी जिला स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होंगे।





