खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खेलकूद प्रतियोगिताओं में दीदियों ने दिखाया उत्साह, विजेताओं को किया पुरस्कृत,
स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनीं दीदियों ने साझा की सफलता की कहानियां
खरगोन। कपास मंडी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खरगोन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा सामूहिक रूप से सेवा संकल्प अभियान एवं नमामि युवा शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार, जनपद पंचायत खरगोन अध्यक्ष संतोष पंवार सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मिलिंद कुमार नागदेवे, डीपीएम एनआरएलएम रमाकांत पाटीदार सहित डीएम/एडीएम एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान दीदियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें चेयर रेस, रस्सी कूद, नींबू रेस सहित अन्य प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। दीदियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चेयर रेस की विजेता दीदी को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा प्रशस्ति-पत्र एवं नगद राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने उनके द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों एवं कार्यों की प्रस्तुति दी। दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। समूहों के माध्यम से उन्हें आजीविका के नए अवसर मिले तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिली।
इस अवसर पर दीदियों द्वारा अपनी सफलता की कहानियों का मंचन एवं प्रस्तुतीकरण भी किया गया। उन्होंने बताया कि आजीविका मिशन से जुड़कर अनेक महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं और अपनी मेहनत एवं समूह के सहयोग से लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं। कार्यक्रम ने महिलाओं के आत्मविश्वास, सामूहिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता की भावना को और मजबूत किया।






