जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धामनोद ( धार )
धार/धामनोद। अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब के निर्माण और संग्रहण के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। बुटीनाला क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 12 हजार किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया गया, जबकि अलग-अलग हाथ भट्टियों से करीब 95 लीटर अवैध महुआ शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई 17 सितंबर 2026 को की गई। अभियान में थाना धामनोद, थाना नालछा, थाना माण्डव और जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
संयुक्त टीम में करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। टीम ने बुटीनाला क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर सघन जांच और कार्रवाई की। अवैध रूप से महुआ शराब तैयार करने के लिए रखे गए करीब 12,000 किलोग्राम महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान करीब 95 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत कुल 05 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
₹12.50 लाख की सामग्री की कार्रवाई
विभाग के अनुसार जप्त एवं नष्ट की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹12 लाख 50 हजार है। कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
पुलिस और आबकारी टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह, थाना प्रभारी धामनोद निरीक्षक संतोष सिंह यादव, थाना प्रभारी नालछा एसडीओपी कैलाश बारिया, थाना प्रभारी माण्डव निरीक्षक इण्डल सिंह रावत तथा जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।






