धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था सुधारने और तकनीकी उन्नयन के दिए निर्देश
धार, 16 सितंबर 2026। कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित पेयजल योजनाओं तथा जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी ग्राम पंचायतों में पानी समितियों का पुनर्गठन सुनिश्चित किया जाए और पंचायतों को जागरूक कर नियमित जल प्रभार की वसूली को बढ़ावा दिया जाए ताकि सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता बनी रहे।
कलेक्टर मीना ने पेयजल प्रणालियों को आधुनिक बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी नल-जल योजनाओं में ऑटोमैटिक सेंसर स्थापित किए जाएं, जिससे मोबाइल ऐप के माध्यम से मोटर पंपों का संचालन और नियंत्रण संभव हो सके। इसके साथ ही उन्होंने नई नल-जल योजना संचालन-संधारण नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पंचायतों को प्रशिक्षित करने, जल संरक्षण के कार्यों को गति देने, पेयजल स्रोतों के नियमित रखरखाव, क्लोरीनीकरण और एफटीके (FTK) के माध्यम से पानी की गुणवत्ता का परीक्षण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.सी. जनोलिया एवं एन.एस. भूरिया, जल निगम के महा प्रबंधक gourav singhai एवं कुलदीप कलम उप महाप्रबंधक नीरज नीलोसे, राकेश बेहरा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

दुग्ध सहकारी संस्थाओं के सदस्यों को स्वच्छ दूध उत्पादन एवं दुग्ध व्यवसाय से लाभ की जानकारी
धार, 16 सितम्बर 2026। जिला सहकारी संघ धार एवं इंदौर दुग्ध सहकारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में एनपीडीडी योजना के अंतर्गत दुग्ध सहकारी संस्थाओं के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को राजगढ़ स्थित फूलगांवड़ी दुग्ध केंद्र संयंत्र में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वच्छ दूध उत्पादन, दुग्ध सहकारी समिति में दूध देने के महत्व तथा दुग्ध उत्पादन से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में सहकारी प्रशिक्षण केंद्र इंदौर के पूर्व प्राचार्य के.एल. राठौर ने वर्तमान में दुग्ध सहकारी आंदोलन में हो रहे बदलाव एवं प्रगति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने दुग्ध सहकारी संस्थाओं के सदस्यों के अधिकार एवं कर्तव्यों के साथ-साथ पशु किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इंदौर दुग्ध सहकारी संघ के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक एन.के. पगारे ने स्वच्छ दूध उत्पादन के महत्व एवं दुग्ध सहकारी संस्थाओं की विशेषताओं के संबंध में जानकारी दी। वर्तमान क्षेत्रीय प्रबंधक मोहन वास्केल ने दुग्ध संघ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में बताया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शुभेन्द्र सिंह पवार ने किया। प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित सदस्यों को दुग्ध सहकारिता संबंधी निर्देशिका का वितरण किया गया। आभार प्रदर्शन जिला सहकारी संघ के लक्ष्मीनारायण चावड़ा ने किया।





