ad
best news portal development company in india

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 का ग्राम सोरवा से शुभारंभ, पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ शिक्षित समाज ही परिवार और क्षेत्र का समग्र विकास कर सकता है – कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान

SHARE:

बिलाल खत्री


आलीराजपुर, जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को ग्राम सोरवा से हुआ। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को अलग-अलग क्लस्टरों की ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में 20 जनवरी 2027 तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

शिविर को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जाति प्रमाण-पत्र, भूमि बंटवारा, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही परिवार और क्षेत्र के समग्र विकास का आधार है।

कैबिनेट मंत्री चौहान ने युवाओं से शासन की स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को सहकारिता बैंक से जुड़कर किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने की सलाह दी, जिससे वे बिना ब्याज के ऋण प्राप्त कर सकें तथा सोसायटी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान भी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन अपनाने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों की अतिरिक्त आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से शिक्षित बेरोजगार युवाओं को विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को कौशल विकास के साथ प्रतिमाह ₹8,000 से ₹10,000 तक की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इस अवसर पर कलेक्टर नीतू माथुर ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शासन की मंशानुरूप जिले के सभी विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित होकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग के 45, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 446, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 22, सामाजिक न्याय विभाग के 155, श्रम विभाग के 10, महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 तथा खाद्य विभाग के 20 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 710 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 544 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनाश, अनुविभागीय अधिकारी निधि मिश्रा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई