खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
दिनभर कामकाज, शाम को वोट की बात,सारिका ने ग्रामीणों को किया जागरूक,
संध्या चौपाल में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, मतदान संबंधी शंकाओं का किया समाधान
खरगोन । जिले में जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम सैलानी में दिनभर खेती-किसानी एवं मजदूरी के कार्य में व्यस्त रहने वाले ग्रामीणों के लिए विशेष संध्या चौपाल का आयोजन किया गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं सचिव दिनेश श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयोग की राज्य ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है। कामकाज की व्यस्तता के बावजूद मतदान के दिन समय निकालकर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश मतदाता दिन के समय खेतों और मजदूरी के कार्यों में व्यस्त रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शाम के समय चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों तक मतदान जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
इस दौरान ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया, मतदाता पहचान-पत्र तथा चुनाव से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने सरल एवं सहज भाषा में ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मतदान प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं को दूर किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं मतदान करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
ग्राम सैलानी में आयोजित यह संध्या चौपाल दिनभर खेतों और कामकाज में व्यस्त रहने वाले मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें लोकतंत्र में अपनी भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रभावी पहल रही।





