ad
best news portal development company in india

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, डही में कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण।

SHARE:


जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार डही ( धार  )

धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 4 अक्टूबर को धार जिले की डही तहसील में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ डही क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।


हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए तैयार किए जा रहे हेलीपैड, मुख्य सभा स्थल सहित सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों को मंच व्यवस्था, नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा यातायात के सुचारु आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन एवं कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।


सिंचाई परियोजना स्थल का भी लिया जायजा
प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पूर्ण हो चुकी डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना (Dahi Micro Lift Irrigation Project) के स्थल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कार्यक्रम की तैयारियों और परियोजना से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के प्रारंभ होने से क्षेत्र के कई गांवों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए नर्मदा जल उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय राजस्व अमला तथा जल संसाधन विभाग के इंजीनियर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *