ad
best news portal development company in india

इंदौर संभाग में निवेश की बहार पी.एम. मित्रा पार्क के द्वितीय चरण में 7,500 करोड़ रुपये का निवेश

SHARE:

कुल निवेश 21,500 करोड़ रुपये के पार, 55 हजार से अधिक रोजगार के अवसर

बिलाल खत्री
धार, पिछले दो माह में इंदौर संभाग ने निवेश के क्षेत्र में एक बार फिर नए आयाम स्थापित किए हैं। पी.एम. मित्रा पार्क के द्वितीय चरण के आवंटन में कुल 13 कंपनियों को 320 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इन कंपनियों द्वारा लगभग 7,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित किया गया है। इससे 16 हजार से अधिक नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

द्वितीय चरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही पी.एम. मित्रा पार्क में अब तक 38 कंपनियों से प्राप्त निवेश प्रस्तावों की कुल राशि 21,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। इससे बदनावर क्षेत्र में लगभग 55 हजार रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके लिए अब तक कुल 1,140 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। पी.एम. मित्रा पार्क का तृतीय चरण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। वर्तमान में एम.पी.आई.डी.सी. द्वारा इकाइयों की लीज डीड एवं प्लॉट आधिपत्य की कार्यवाही तीव्र गति से संपादित की जा रही है।

पी.एम. मित्रा पार्क के द्वितीय चरण में भिलोसा इंडस्ट्रीज द्वारा 4,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। इसके लिए कंपनी को 200 एकड़ भूमि आवंटित की जा रही है। इस इकाई से लगभग 3,500 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। भिलोसा इंडस्ट्रीज मानव निर्मित धागे (मैन मेड फाइबर) के क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनियों में शामिल है। प्रदेश में इस इकाई की स्थापना से मैन मेड फाइबर उद्योग के क्षेत्र में एक नया अध्याय प्रारंभ होगा।

एम.पी.आई.डी.सी. क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर के कार्यकारी संचालक श्री हिमांशु प्रजापति ने बताया कि 30 एवं 31 जनवरी को चेन्नई में आयोजित वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के चिंतन शिविर में मध्यप्रदेश के निवेश आकर्षण मॉडल का प्रस्तुतीकरण किया गया। यह प्रस्तुतीकरण प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, मध्यप्रदेश शासन श्री राघवेंद्र कुमार सिंह द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित रीजनल, नेशनल एवं इंटरनेशनल रोड शो एवं कॉन्क्लेव मॉडल की सभी पी.एम. मित्रा राज्यों द्वारा सराहना की गई।

एम.पी.आई.डी.सी. का अगला लक्ष्य पी.एम. मित्रा पार्क के आसपास सामाजिक अधोसंरचना का विकास करना है। इसके अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, खेल मैदान, अस्पताल, मनोरंजन केंद्र सहित कर्मचारियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आवासीय वातावरण विकसित किया जाएगा। इसमें सभी आय वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पी.एम. मित्रा पार्क को एक अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें उद्योगों के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ पर्यावरण हितैषी मापदंडों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। पार्क में चरणबद्ध रूप से 20 एमएलडी क्षमता का जीरो लिक्विड डिस्चार्ज कॉमन इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 मेगावाट का सोलर प्लांट, ग्रीन जोन तथा जलाशयों का विकास किया जा रहा है। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए पार्क में बॉयलर में कोयले के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *