खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । राज्य आनंद संस्थान द्वारा स्वामी विवेकानंद सभागार खरगोन में 13 अक्टूबर को विभिन्न विभागों के 50 कर्मचारियों के लिए “आनंद अल्पविराम” कार्यक्रम का आयोजन जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में आनंद विभाग का परिचय वीडियो के माध्यम से दिया गया तथा विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान “आनंद अल्पविराम” कार्यक्रम के अंतर्गत मनोरंजक गतिविधियाँ एवं स्वयं के अनुभव साझा करने के साथ शांत समय और मौन की गतिविधि कराई गई।
प्रशिक्षण में मानव मात्र में उपस्थित अहं (इगो), क्रोध, लालच, बुराई, जलन एवं बदले के भावों को पहचानने और उन्हें अंतरात्मा की आवाज से नियंत्रित करने पर चर्चा की गई। आनंद की ओर सत्र का संचालन राज्य स्तरीय प्रशिक्षक केबी मंसारे द्वारा तथा “रिश्ते” विषय पर सत्र पप्पू यादव द्वारा लिया गया। सी.सी.डी. गतिविधियों के माध्यम से भी सत्रों का संचालन किया गया। इस दौरान केबी मंसारे ने कहा कि आनंद हमारे भीतर ही है। कार्यक्रम में अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने जीवन के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विजय शर्मा, आनंद विभाग के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर गणेश कांडे, ब्लॉक समन्वयक मोनिका नामदेव, धर्मेंद्र गुप्ता, विकास पांडे, रमेश चक्रवर्ती एवं प्रकाश राठौर उपस्थित थे।






