जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री 

        खरगोन। 30 मई को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरगोन के अंतर्गत बिस्टान नाका स्थित चंद्रशेखर आजाद बालक छात्रावास में एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान जनभागीदारी समिति अध्यक्ष दीपक कानूनगो एवं समिति के अन्य सदस्यों के मुख्य आतिथ्य एवं प्राचार्य डॉ. शैल जोशी व कुलसचिव क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय डॉ. जीएस चौहान की उपस्थिति में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा अनावरण के पश्चात पुष्प माला से राष्ट्र के इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी गई। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष दीपक कानूनगो ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मबल का जीवंत संदेश देती है, जो उन्हें अपने जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

        महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शैल जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों की निरंतर मांग के आधार पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति की स्थापना छात्रावास के प्रांगण में की गई है। शहीद चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरुषों की प्रतिमाएं न केवल श्रद्धा का प्रतीक होती हैं, बल्कि विद्यार्थियों को देशभक्ति और आत्मबल की प्रेरणा भी प्रदान करती हैं। 

        कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम, आत्मबल और वीरता की भावना को सशक्त बनाना था, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रविंद्र बर्वे ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जन भागीदारी समिति के सदस्य लक्ष्मण इंगले, कालू सिंह मंडलोई, श्याम गुप्ता, मुकेश बिडारे, महेश वर्मा, श्रीमती माया खोड़े, सुश्री मीना कोचले महाविद्यालयीन स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।