धार जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार
आदतन अपराधियों पर होगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में चलेगा विशेष जांच अभियान; रसायनों, विस्फोटकों और ढाबों-होटलों का भी होगा सत्यापन।
धार। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने गुरुवार को कलेक्टर सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी त्योहारों, धार्मिक पर्वों एवं सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए अवैध शराब, मादक पदार्थों, विस्फोटक सामग्री और रसायनों के परिवहन एवं भंडारण पर सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध के हॉटस्पॉट चिह्नित कर असामाजिक तत्वों तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
मादक पदार्थों की तस्करी पर कसें शिकंजा
कलेक्टर ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, तस्करी और भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदतन नशा तस्करों पर विशेष निगरानी रखने तथा व्यावसायिक मात्रा से जुड़े मामलों में अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने को कहा गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ अभियान
धार शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों और शादी-ब्याह के आयोजनों के दौरान अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री और परोसने की आशंका को देखते हुए पुलिस एवं आबकारी विभाग को सतर्क रहने को कहा गया। अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आदतन अपराधियों पर होगी जिलाबदर की कार्रवाई
अवैध शराब, मिलावट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की सतत निगरानी करने तथा संबंधित थानों में आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। गंभीर एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिलाबदर के प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिन मामलों में जिलाबदर की कार्रवाई संभव नहीं है, उनमें आगामी दो सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत बाउंडओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अपराधों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
रसायनों, विस्फोटकों और ढाबों-होटलों की जांच
कलेक्टर ने रसायनों के सुरक्षित परिवहन तथा 500 किलोग्राम से अधिक रसायनों का भंडारण करने वाले गोदामों एवं अन्य स्थानों का भौतिक सत्यापन कर लाइसेंस की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय एवं अन्य राजमार्गों पर स्थित ढाबों और होटलों की आकस्मिक जांच करने को कहा गया, ताकि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन और उनसे संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इसके अलावा विस्फोटक सामग्री के सभी लाइसेंसधारियों और संबंधित ठिकानों का राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों से भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध के हॉटस्पॉट पर नियमित निगरानी रखने तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने लंबित गैर-जमानती वारंटों की तामीली, फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। आगामी त्योहारों एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राजमार्गों पर स्थित ढाबों और होटलों की जांच करने पर भी जोर दिया।
विभागीय समन्वय से होगी कार्रवाई
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित संबंधित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।





