मांगीलाल वर्मा
नानपुर:- अलीराजपुर जिले के नानपुर में मुस्लिम समाज द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार को इमाम हुसैन की याद में मनाया जाने वाला मोहर्रम का चालीसवां का त्योहार श्रद्धा, उत्साह एवं भाईचारे के साथ मनाया गया।
सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं बाहर से आए मेहमान ताज़ियों की ज़ियारत के लिए नानपुर पहुंचे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए महाराष्ट्र के नासिक से ढोल-ताशा दल को आमंत्रित किया गया, जिसने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से पूरी रात समा बाँधे रखा।
त्योहार के दौरान विभिन्न स्थानों पर छबील (शरबत एवं पेयजल सेवा) का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक सौहार्द, अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। मुस्लिम समाज के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन बड़ी धूमधाम एवं शानो-शौकत के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजन के दौरान नानपुर थाना प्रभारी श्री राजेश डावर अपनी पुलिस टीम के साथ पूरी रात मुस्तैदी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।






