ad
best news portal development company in india

टोंकखुर्द में अवैध एलोपैथिक क्लिनिक पर प्रशासन का बड़ा एक्शन; बीएचएमएस डॉक्टर पर एफआईआर दर्ज।

SHARE:

टोंक खुर्द इस्लाम पटेल

​ टोंकखुर्द । गुरुवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों के विरुद्ध सतत एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने नगर टोंकखुर्द में संचालित ‘कृष्णा मेडिकल’ पर औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।


​संयुक्त टीम ने मारा छापा, मिलीं प्रतिबंधित और हाई-डोज दवाइयां
​अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टोंकखुर्द सुश्री रितु चौरसिया, तहसीलदार गौरव निरंकारी एवं खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. माया कल्याणी की संयुक्त टीम द्वारा कृष्णा मेडिकल का औचक निरीक्षण किया गया था।
​निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्लिनिक संचालक संजय कुमार जायसवाल (योग्यता- बीएचएमएस) द्वारा नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति का संचालन किया जा रहा था। जांच के दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां बरामद की गईं, जिनमें डेक्सामेथासोन एवं सेफपोडॉक्सिम सहित अन्य हाई-डोज स्टेरॉयड शामिल हैं। टीम ने इन सभी संदिग्ध दवाओं को मौके पर ही जब्त कर लिया।


​एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो संदिग्ध सर्टिफिकेट
​कार्रवाई के दौरान टीम को एक और बड़ी गड़बड़ी देखने को मिली। क्लिनिक से एक ही पंजीयन क्रमांक (रजिस्ट्रेशन नंबर) पर दो अलग-अलग संदिग्ध प्रमाणपत्र प्राप्त हुए। प्रथम दृष्टया इन दोनों सर्टिफिकेट्स की वैधता पूरी तरह संदेहास्पद पाई गई है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।


​थाना टोंकखुर्द में आपराधिक मामला दर्ज
​अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टोंकखुर्द द्वारा सौंपे गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने भी त्वरित एक्शन लिया है। थाना प्रभारी पुलिस थाना टोंकखुर्द आलोक कुमार वर्मा (आईपीएस) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय कुमार जायसवाल के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।


​इन धाराओं में हुआ केस दर्ज:
आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम, 1987 की धारा 24 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318 (4) के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


​प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से क्लीनिक चलाने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *