कसरावद : सलीम खान
खरगोन जिले के कसरावद के ग्राम पंचायत भीलगांव में शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम शाला परिसर में ‘आनंद उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में न केवल स्कूली बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाई, बल्कि खेल मैदान पर शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी रस्साकशी जैसे खेलों में शामिल होकर जमकर आनंद लिया।
मां सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खरगोन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई भारतसिंह तंवर रहीं। विशेष अतिथि सरपंच लताबाई जयसिंह मंडलोई रही।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ
अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात आश्रम शाला व माध्यमिक शाला परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने समस्त अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खेल प्रतियोगिताएं
उत्सव के दौरान माध्यमिक स्कूल एवं कन्या आश्रम की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। मंच पर जहां लोक संस्कृति की झलक दिखी, वहीं खेल मैदान पर रोमांच का माहौल रहा। चेयर रेस और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया।
आंनद उत्सव कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती लताबाई जयसिंह मण्डलोई , सरपंच प्रतिनिधि जयसिंह मंडलोई, उपसरपंच कमलेश माथुर, जनशिक्षक संतोष एस्के , युवा समाजसेवी नितिन ठाकुर, जितेंद्र डोंगरे, माध्यमिक प्रधान पाठक मनीष शुक्ला , होस्टल अधीक्षिका रेखा पंवार सहित विभिन्न स्कूलों के संस्था प्रधान पाठक, पालक और ग्रामीण जन उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष शुक्ला ने किया, वहीं अंत में सभी का आभार प्रदर्शन सहायक सचिव उज्जवल भूरिया द्वारा किया गया।






