खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
ग्राम पंचायत व वार्ड में गठित दल घर पहुंचकर सेवाओं के प्राप्त करेंगे आवेदन
खरगोन । संकल्प से समाधान अभियान के तहत कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देशानुसार जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में प्रथम चरण के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में 12 जनवरी से 15 फरवरी के मध्य ग्राम पंचायत स्तरीय शिविर प्रारंभ कर दिए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तरीय दल द्वारा घर घर संपर्क कर निर्धारित सेवाओं के लिए आमजन से आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है। इस चरण में कुल 589 शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
द्वितीय चरण के तहत क्लस्टर स्तर पर कुल 60 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर शिविरों के स्थान एवं तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिनमें 60 शिविर आयोजित होंगे। तृतीय चरण में जिले के सभी 9 विकासखंडों में ब्लॉक स्तर पर शिविरों के आदेश जारी कर दिए गए हैं। चतुर्थ चरण के अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन 26 मार्च को जिला मुख्यालय पर प्रभारी मंत्री की सहमति से किया जाएगा।
9 नगरीय निकायों में होंगे 144 शिविर, 24 नोडल अधिकारी नियुक्त
इसी प्रकार नगरीय क्षेत्रों में भी संकल्प से सेवा समाधान अभियान के तहत शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। प्रथम चरण में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से खरगोन जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में 12 जनवरी से 15 फरवरी के मध्य वार्डवार शिविर प्रारंभ कर दिए गए हैं। वार्डवार गठित दल द्वारा घर घर पहुंचकर नागरिकों से निर्धारित सेवाओं हेतु आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। नगरीय निकायों में इस चरण में कुल 144 शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनके लिए 24 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। द्वितीय चरण में क्लस्टर स्तर पर 18 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर 48 शिविरों के स्थान एवं तिथि निर्धारित कर दी गई है। तृतीय चरण के अंतर्गत सभी 9 नगरीय निकायों के स्तर पर शिविर आयोजित करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं चतुर्थ चरण में ग्रामीण क्षेत्रों की भांति नगरीय क्षेत्र के लिए भी जिला स्तरीय शिविर का आयोजन 26 मार्च को जिला मुख्यालय पर प्रभारी मंत्री की सहमति से नियत किया गया है।
16 जनवरी को 26 ग्राम पंचायत में शिविर
संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चार चरणों में शिविर आयोजित किया जा रहे हैं। यह शिविर ग्राम पंचायत, नगरी निकाय के वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में आवेदनों को प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों को सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। 16 जनवरी को खरगोन में 2, गोगावा-2, सेगांव-2, भीकनगांव-3, कसरावद-5, बड़वाह-4, महेश्वर-4, झिरन्या-4 में सहित कुल 26 शिविर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।






