ad
best news portal development company in india

नशामुक्त , स्वस्थ्य और सशक्त कसरावद के निर्माण के लिए हुई मैराथन का विधायक सचिन यादव ने किया शुभारंभ

SHARE:

मकर सक्रांति पर पतंग महोत्सव में विधायक श्री यादव ने भी उड़ाई पतंगविजेता धावकों को दिए नगद पुरस्कार और प्रमाण पत्र

कसरावद सलीम खान

खरगोन/15 जनवरी 2026/, मकर सक्रांति के पर्व और पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव के जन्मदिवस पर गुरूवार को सुबह कसरावद में भव्य मैराथन और पतंग महोत्सव का शुभारंभ मप्र के कृषि मंत्री रहे विधायक सचिन यादव ने किया । सुभाष यादव फाउण्डेशन बोरावां खरगोन के तत्वावधान में बेहतर कल के लिए कसरावद को करेंगें नशामुक्त और स्वस्थ्य कसरावद मेरा अभिमान की भावना को लेकर हुए आयोजन में मैराथन के विजेताओं को विधायक सचिन यादव ने नगद पारितोषिक भी प्रदान किया । इस मैराथन में कुल 565 धावकों ने मैराथन में हिस्सा लिया । इस अवसर पर श्री यादव ने उपस्थित जनों को नशामुक्त और स्वस्थ्य कसरावद मेरा अभिमान की शपथ भी दिलाई । मैराथन में धावकों के साथ विधायक सचिन यादव ने भी 3 किमी और 5 किमी की दौड़ में सहभागिता की ।

उपस्थित जनों और विधायक सचिन यादव ने अपने अग्रज और निमाड़ के लाड़ले नेता देश के कृषि मंत्री रहे अरूण यादव के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर उन्हें अपनी ओर से बधाई और शुभकामनाएॅ भी प्रेषित की । कृषि उपज मण्डी समिति कसरावद के प्रांगण में हुए इस आयोजन को संबोधित करते हुए सचिन यादव ने कहा कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को नशामुक्ति , स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन शैली के प्रति जागरूक करना है । हमारा यह अभियान सतत् जारी रहेगा । उन्होनें युवाओं और उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि आप सभी आदर्श कसरावद के निर्माण के लिए नशा छोड़ें और इसके लिए जागरूकता फैलाएॅ । पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी आप सभी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएॅ ।

मैराथन के विजेताओं को किया सम्मानित और पुरस्कृत
विधायक सचिन यादव ने कसरावद मैराथन के विजेता 12 प्रतिभागियों को सम्मानित कर नगद पुरस्कार प्रदान किया । उन्होनें आयोजन में सक्रिय भूमिका अदा करने वाले खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए । श्री यादव ने 3 किमी की मैराथन में 19 वर्ष से कम आयुवर्ग के प्रथम विजेता बालक अभिषेक को 11 हजार रूपये , द्वितीय विजेता बालक शिवम को 5100 रू और तृतीय विजेता बालक शिवलाल को 2100 रू का नगद पुरस्कार प्रदान किया । प्रथम विजेता बालिका सुश्री अर्चना चौहान को 11 हजार , द्वितीय विजेता बालिका सलिता गोवहले को 5100 रू और तृतीय विजेता बालिका सुश्री मुस्कान राजपूत को 2100 रू का नगद पुरस्कार प्रदान किया । उन्होनें 5 किमी की मैराथन के प्रथम विजेता पुरूष राजू यादव को 21 हजार , द्वितीय विजेता उपेन्द्र पाल को 11 हजार और तृतीय विजेता सूर्य प्रकाश यादव को 5100 रू का नगद पुरस्कार प्रदान किया । महिला वर्ग में 5 किमी की मैराथन में प्रथम विजेता रही सुश्री पूनम पाल को भी 21 हजार , द्वितीय विजेता सुश्री तनु को 11 हजार और तृतीय विजेता सुश्री पलक मेवाडे को 5100 रू का नगद पुरस्कार प्रदान किया ।

विधायक सचिन यादव ने भी उड़ाई पतंग
मैराथन के सफल आयोजन के बाद सक्रांति पर्व पर विधायक सचिन यादव ने भी युवाओं और नागरिकों के साथ नीले आसमान में अपनी पतंग उड़ाई । इस पतंग महोत्सव में 300 से भी अधिक बालक-बालिकाओं , युवाओं और नागरिकों ने खुले आसमान में अपनी पतंग उड़ाकर सांस्कृतिक महोत्सव मनाया । सक्रांति के अवसर पर विधायक सचिन यादव ने मैराथन और पतंग महोत्सव में शिरकत करने वाले सभी प्रतिभागियों और उपस्थित जनों को तिल के लड्डू भी खिलाए ।

इनकी उपस्थिति ने आयोजन का बढ़ाया गौरव
इस आयोजन में विधायक सचिन यादव के साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेन्द्र सिंह यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश बागदरे , ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम यादव, अनिल यादव, प्रद्युमन सोनी , डॉ. शिरीष जायसवाल , श्रीमती पवी दुबे जिला खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग, हबीब बेग मिर्जा प्रभारी जिला खेल अधिकारी , अश्विन गुप्ता जिला खेल अधिकारी जनजातीय विभाग , धमेन्द्र कुमार सिंह खेल अधिकारी शास. महाविद्यालय मण्डलेश्वर , दयाराम राजपुत खेल अधिकारी शास. महाविद्यालय कसरावद पंकज बर्डे विकासखण्ड समन्वयक कसरावद , अतुल उपाध्याय प्राचार्य जेआयटी स्वपनील वराडे खेल अधिकारी जेआयटी बोरावां , नगर पंरिषद एवं जनपद पंचायत के सदस्यों के साथ ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे ।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *