best news portal development company in india

सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में बैठक हुई सम्पन्न

SHARE:

मनुष्य का पहला सुख होता है निरोगी काया -लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल

संभाग ब्यूरो बिलाल खत्री
बड़वानी कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में आगामी सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में खेल महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा, प्रतिभागियों की सहभागिता, प्रतियोगिताओं की श्रेणियाँ तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह खेल महोत्सव युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। खेलों के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना हमारा मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य का पहला सुख होता है निरोगी काया, इसलिए हमें स्वस्थ शरीर और मन के लिए खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। पारंपरिक खेल न केवल हमारी संस्कृति और सभ्यता का परिचय कराते हैं, बल्कि तन और मन को स्वस्थ, मजबूत और सक्रिय बनाकर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

सांसद पटेल ने बताया कि जिले में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 21 सितंबर से 25 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा। इसमें बालक, बालिका, युवा, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। इच्छुक प्रतिभागियों को अपना पंजीयन अनिवार्य रूप सेhttps://sansadkhelmahotsav.in पर जाकर 20 सितंबर तक करना होगा, क्योंकि इसके पश्चात पंजीयन स्वीकार नहीं किया जाएगा। खेल महोत्सव का आयोजन ग्राम पंचायत स्तर से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक तीन चरणों में संपन्न होगा। इस महोत्सव में कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, गिल्ली डंडा, निम्बू रेस, चेयर रेस, दिव्यांगजनों के लिए पंजा कुश्ती, 100 मीटर दौड़, हॉकी, फुटबॉल, लॉन टेनिस, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर सांसद पटेल ने सभी से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और मन के साथ ही समाज में अनुशासन, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव न केवल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि यह समाज में आत्मविश्वास और खेल भावना का प्रसार करने का भी सुनहरा अवसर है।

बैठक में कलेक्टर जयति सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव, खेल महोत्सव के जिला समन्वयक भूपेंद्र जाट, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के संयोजक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *