बिलाल खत्री
आलीराजपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने आज ग्राम उमराली के धनबारा फलिया एवं पूजारा फलिया में स्थापित दो नवीन विद्युत ट्रांसफार्मरों (डीपी) का शुभारंभ किया।
इन दोनों विद्युत ट्रांसफार्मरों की स्थापना पर कुल 14 लाख 83 हजार रुपये की राशि खर्च की गई है। नवीन डीपी के शुरू होने से दोनों फलियों के ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति में राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था अधिक बेहतर और सुचारू होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं और उनकी मांगों को ध्यान में रखते हुए धनबारा एवं पूजारा फलिया में नवीन विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इससे इन क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मंत्री चौहान ने कहा कि नई डीपी स्थापित होने से ग्रामीणों को कम वोल्टेज एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी। पर्याप्त वोल्टेज और बेहतर विद्युत आपूर्ति होने से ग्रामीण परिवारों के दैनिक कार्यों में सुविधा होगी। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी और घरेलू उपयोग के विद्युत उपकरण भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में कृषि की महत्वपूर्ण भूमिका है और किसानों के लिए बिजली की उपलब्धता सीधे तौर पर सिंचाई से जुड़ी हुई है। नवीन ट्रांसफार्मरों के प्रारंभ होने से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक विद्युत सुविधा मिलने में मदद मिलेगी। समय पर सिंचाई होने से फसलों को पर्याप्त पानी मिलेगा, फसल उत्पादन बेहतर होगा और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी यह विद्युत सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि विकास की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर तक रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा जिन आवश्यकताओं और समस्याओं से अवगत कराया जाता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासन के समक्ष रखकर उनके निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। विद्युत डीपी की स्थापना भी इसी दिशा में किया गया महत्वपूर्ण कार्य है। सरकार का उद्देश्य केवल शहरों तक विकास को सीमित रखना नहीं, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण एवं फलिया क्षेत्रों में भी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
नवीन विद्युत ट्रांसफार्मरों के शुभारंभ से धनबारा फलिया एवं पूजारा फलिया के ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए इस कार्य के लिए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई डीपी शुरू होने से घरेलू उपयोग के साथ-साथ कृषि एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता बनी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता मांगीलाल रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण जन मौजूद रहे।





