बिलाल खत्री
आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर की अध्यक्षता में आज विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वालपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा संकल्प यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प यात्रा से संबंधित आवश्यक तैयारियां भी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को नोट अटेंड करने वाले अधिकारियों की सूची तैयार कर , लंबित शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा सीपीग्राम्स पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं राजस्व विभाग को जिले में संभावित सूखे की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए फसलवार एवं ग्रामवार स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने तथा आवश्यक आंकड़े संधारित करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए टैंकरों की आवश्यकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने तथा टैंकरों के लिए पानी की रिफिलिंग व्यवस्था एवं संभावित स्रोतों की जानकारी संकलित करने कर मुख्यालय एवं वरिष्ठों को अवगत कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए ।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में गति लाने, भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा टंकी, स्वास्थ्य केन्द्र आदि जनोपयोगी कार्यों से संबंधित भूमि आवंटन प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। नवीन छात्रावासों के लिए चिन्हित भूमि के संबंध में संबंधित विभागों को आवेदन प्रस्तुत कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने को कहा।
उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या पाए जाने पर संबंधित विभाग प्रमुख की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
पीडब्ल्यूडी एवं पीआईयू को जिला अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने तथा जर्जर आंगनवाड़ी भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर नियमानुसार उपयोग एवं आवंटन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिले में स्थित जर्जर शासकीय भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए ।
उन्होने सिकल सेल से पीड़ित बच्चों के उपचार की समीक्षा करते हुए कहा कि आयुर्वेदिक उपचार से हो रहे लाभ की जानकारी संकलित करने तथा पीड़ित बच्चों का नियमित उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि द्वितीय चरण का कार्य 8 एवं 9 अक्टूबर से प्रारंभ किया जा रहा है, जिसके लिए संबंधित अमले को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर ने प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघमित्रा गौतम , अपर कलेक्टर सोहन कनास , सहित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।





