खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट कार्यालय में आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, एसडीएम विजेन्द्र कटारे, डिप्टी कलेक्टर अनिल जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, नगर पालिका सीएमओ सुश्री कमला कोल सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

कलेक्टर सुश्री मित्तल ने बताया कि जिले में अगले दो माह में सभी धर्माे के पर्वों- गणेशोत्सव, डोल ग्यारस, ईद मिलादुन्नबी, अनंत चतुर्दशी, सर्वपितृ अमावस्या, नवरात्र, दशहरा और दीपावली के शांतिपूर्वक आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। पर्वों के दौरान आयोजित झांकियों और चल समारोह में नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की जाएगी, एमपीईबी द्वारा बिजली के झूलते तारों को दुरुस्त किया जाएगा, तथा मेडिकल टीमें भी सतर्क रहेगी। उन्होंने सभी उपस्थित प्रबुद्धजनों को आगामी त्यौहारों की शुभकामनाएं दीं।
खरगोन एसडीएम विजय कटारे ने बताया कि गणेशोत्सव और विसर्जन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गणेश मंदिर के सामने वाली पार्किंग हटा दी गई है। पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य किया गया है तथा डीजे पर प्रतिबंध है। कुंदा नदी किनारे कुंड में ससम्मान विसर्जन की व्यवस्था की गई है। विसर्जन, डोल ग्यारस और मिलादुन्नबी के चल समारोह केवल परंपरागत रूट से ही निकाले जाएंगे। शांति समिति सुनिश्चित करे कि चल समारोह में प्रतिभागी अनुशासित रहें और निर्धारित समय सीमा का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान नगर के मुख्य मंदिरों, भंडारा और गरबा स्थलों पर सीसीटीवी लगाना अनिवार्य है। नवग्रह मेला ग्राउंड और अन्य स्थलों पर रावण दहन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थित से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने कहा कि आगामी त्यौहारों में सभी धर्म और समाज आपसी सामंजस्य बना कर चलें। परस्पर सम्मान की भावना के साथ केवल परंपरागत गतिविधियां ही की जाएं। त्यौहारों की सजावट केवल परिसर में ही हो। सोशल मीडिया पर अनुशासन बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि त्यौहारों और जलसों के दौरान महिलाओं से अभद्रता करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्री मीणा ने सौहार्दपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाए जाने की अपील की।
बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन को अनेक सुझाव दिए तथा शिवडोला पर्व की व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।






