खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस खरगोन में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. गणेश पाटिल तथा विशिष्ट अतिथि गोविंद यादव उपस्थित रहे। क्रीड़ा अधिकारी डॉ गगन चौधरी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद से जुड़े रोचक तथ्यों की जानकारी विद्यार्थियों को दी।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. पाटिल ने विद्यार्थियों व खिलाड़ियों को खेलों के प्रति गंभीरता से आगे बढ़ने और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। वहीं गोविंद यादव ने खिलाड़ियों को कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किया। टेबल टेनिस (पुरुष वर्ग) में गौतम भालसे, साहिल चौहान ने, टेबल टेनिस महिला वर्ग में काजल पंचोली, दीपाली मंडलोई और पायल खांडे ने, शतरंज महिला वर्ग में शिवांगी महाजन, गरिमा कुशवाहा ने, शतरंज पुरुष वर्ग में राहुल रायपुरिया, साहिल बडोले, कान्हा बड़ौदे ने, बैडमिंटन पुरुष वर्ग में अश्मित कौशल, ऋषिकेश नीलकंठ व रोहित मालाकार ने, बैडमिंटन महिला वर्ग में रिंसी पाल, कविता कोल, मयूरी चौहान ने पुरस्कार प्राप्त किया। समापन अवसर पर सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं पदक अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कॉलेज परिवार, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






