ad
best news portal development company in india

भगवान श्रीराम के जीवन को आत्मसात करना है छात्रों के लिए अभ्युदय की अवस्था- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

SHARE:

जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

खरगोन के कपास और मिर्ची आधारित रोजगारपरक उद्योगों के लिए सरकार दे रही है सहायता

युवा संवाद के माध्यम से मुख्यमंत्री ने दिया छात्रों को मार्गदर्शन

खरगोन में अभ्युदय विश्वविद्यालय का उद्घाटन और श्रीराम दरबार का लोकार्पण

खरगोन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि छात्रों को भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर गरीब से गरीब व्यक्ति के प्रति प्रेमभावना रखना, दोस्तों की सहायता करना और प्रकृति से प्रेम करना सीखना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन सीख देता है कि सीमित संसाधनों से भी युक्ति और बुद्धि के बल से बड़े से बड़ा युद्ध जीता जा सकता है। भगवान राम के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय जिसने उन्हें श्रीराम बनाया, तब आया जब महर्षि विश्वामित्र ने महाराज दशरथ से राक्षसों के संहार के लिए भगवान राम और लक्ष्मण की युवाशक्ति मांगी। उन्होंने जंगल में रहकर गुरु विश्वामित्र के सानिध्य में जीवन से सारे पाठ सीखे। श्रीराम की संस्कृति को आत्मसात करना ही छात्रों के लिए अभ्युदय की अवस्था है। इस आशय से अभ्युदय विश्वविद्यालय के परिसर में श्रीराम दरबार मंदिर का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण अवसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि निमाड़ के जनजातीय अंचल में अभ्युदय विश्वविद्यालय की स्थापना में उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह टंट्या मामा विश्वविद्यालय के बाद जिले का दूसरा विश्वविद्यालय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रेनेसां समूह इंदौर द्वारा स्थापित अभ्युदय विश्वविद्यालय परिसर के शुभारंभ और श्रीराम दरबार मंदिर के लोकार्पण के अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्रों से संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीराम के दिखाए रास्ते पर सीमित संसाधनों से सफलता पाने का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है, जो एक साधारण पृष्ठभूमि से होते हुए भी 3 बार देश के प्रधानमंत्री और 4 बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने। प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रेरणा से मध्यप्रदेश सरकार गरीबों और युवाओं का जीवन बदलने की दिशा में सार्थक प्रयास कर रही है। हाल ही में संपन्न स्पेन और दुबई की विदेश यात्रा के माध्यम से निमाड़ क्षेत्र की कपास के लिए नए अवसर खुले हैं। मेड इन इंडिया को प्रोत्साहित करते हुए अब इस क्षेत्र में धागे से लेकर रेडीमेड परिधान भी बन सकेंगे, और यह केवल फाइबर के निर्यात तक ही सीमित नहीं होगा। खरगोन की मिर्ची के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाए जा रहे हैं जिसमें सरकार बिजली, पानी, जमीन में विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन और अनुदान दे रही है। निमाड़ का युवा आदर्श उद्योगपति और आदर्श किसान बने इसके लिए राज्य सरकार संकल्पित है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार 25 से अधिक गायों पर 40 लाख के लोन पर 10 लाख रुपए का अनुदान दे रही है। दुग्ध उत्पादन में मध्य प्रदेश देश का 9 प्रतिशत दूध उत्पादन कर रहा है, जिसे 20 प्रतिशत करना सरकार का लक्ष्य है। कामधेनु योजना के माध्यम से गौशालाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें पंचायत और नगरीय निकायों में प्रत्येक गौमाता के लिए 40 रुपये की अनुदान राशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। गौमाता के लिए गो-एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। सरकार बड़े संगठनों द्वारा 5000 से अधिक गायों की गौशाला स्थापना के लिए 130 एकड़ भूमि और 40 रुपये प्रति गौमाता अनुदान देगी।

युवा संवादः

विश्वविद्यालय के छात्रों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन मांगा। कंप्यूटर साइंस के छात्र निखिल यादव ने मुख्यमंत्री से पूछा कि विकसित भारत 2047 की अवधारणा में मध्य प्रदेश के युवा अपनी क्या भूमिका निभा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि युवा अपनी पसंद के क्षेत्र में पढ़ाई पूरी करें और आदर्श किसान, शिक्षक, उद्योगपति अथवा राजनेता बनने का सपना देखें। आपके सपने सच करने के लिए राज्य सरकार आपके साथ खड़ी है।
कृषिविज्ञान की छात्रा सीमा यादव ने पूछा कि आदिवासी समुदाय में आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए सरकार क्या काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि खरगोन जिले में दो कृषि विद्यालयों की स्थापना कर उन्नत खेती के गुर सिखाए जा रहे है। मिर्ची एवं अन्य स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तथा टेक्सटाइल उद्योग लगाने में सरकार सहायता दे ही है।

एमबीए के छात्र मयंक अधिकार ने मुख्यमंत्री से उनकी व्यस्त दिनचर्या के प्रबंधन कौशल के बारे में जानना चाहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्याप्त नींद लेना, अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखना और प्रतिदिन पुस्तकें पढ़ कर नया सीखने की आदत डालना सफलता की कुंजी है। विद्यार्थी अपने लक्ष्यों के लिए चरणबद्ध रूप से काम करें और उन्हें समय पर पूरा करने के प्रयास करें।

विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वप्निल कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रेरणा से अभ्युदय विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है। श्री कोठारी ने बताया कि 05 वर्ष पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने आदिवासी अंचल में विश्वविद्यालय खोले जाने का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में मध्य प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला पहला राज्य बना है और आगे भी उनकी मेहनत से प्रदेश और इसकी युवाशक्ति प्रगति करती रहेगी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ यादव ने फीता काट कर और दीप प्रज्वलित कर विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में मंत्रोच्चारण के बीच श्रीराम दरबार मंदिर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने परिसर में आम के वृक्ष का पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर खरगोन बड़वानी सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, खण्डवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, सचिन बिरला एवं राजकुमार मेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राम्हणे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *