ad
best news portal development company in india

एक माह बाद भी 66 गांवों के खेतों तक नहीं पहुंचा नर्मदा का पानी, किसानों में आक्रोश; विधायक ग्रेवाल ने दी 4 दिन की चेतावनी।

SHARE:


जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों से मांगें माफी, चार दिन में पानी नहीं मिला तो होगा चरणबद्ध आंदोलन।

सरदारपुर। नर्मदा झाबुआ-पेटलावद सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के एक माह बाद भी 66 गांवों के किसानों के खेतों तक नर्मदा का पानी नहीं पहुंचने से किसानों में भारी आक्रोश है।

बुधवार को विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार सरदारपुर महेशसिंह सोलंकी एवं नर्मदा घाटी विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री आलोक चौबे को ज्ञापन सौंपकर जल्द पानी उपलब्ध कराने की मांग की।


इस दौरान विधायक प्रताप ग्रेवाल ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2018 में शुरू हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना को वर्ष 2023 तक पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी परियोजना पूरी तरह से संचालित नहीं हो पाई। 24 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदारपुर में परियोजना का लोकार्पण किया था। उस दौरान 66 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने और नर्मदा तथा माही नदी के मिलन की बात कही गई थी।

मुख्यमंत्री की घोषणा और पानी मिलने की उम्मीद में किसानों ने हजारों हेक्टेयर भूमि पर फसलों की बुवाई कर दी, लेकिन लोकार्पण के एक माह बाद भी खेतों तक पानी नहीं पहुंचा। माही नदी भी सूखी पड़ी है। विधायक ग्रेवाल ने कहा कि किसानों के साथ यह बड़ा छलावा है। मुख्यमंत्री को अपने अधूरे वादे के लिए किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद किसान सिंचाई के पानी के लिए परेशान हैं। पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही, अधूरे निर्माण कार्य, तकनीकी खामियां और जल वितरण व्यवस्था की विफलता के कारण किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक हेक्टेयर भूमि में फसल की बुवाई करने के लिए किसान करीब 25 हजार रुपये तक खर्च कर रहा है, ऐसे में समय पर पानी नहीं मिलने से किसानों पर आर्थिक संकट गहराने लगा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि परियोजना के सभी 66 गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर तत्काल जल प्रवाह शुरू किया जाए। सभी पंप तत्काल चालू किए जाएं तथा जिन गांवों के तालाबों तक मेन लाइन से पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां सब लाइन शुरू की जाए। इसके साथ ही प्रभावित किसानों को हुए आर्थिक नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।

चार दिन में पानी नहीं तो आंदोलन

विधायक प्रताप ग्रेवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार दिवस के भीतर सभी 66 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। साथ ही संबंधित ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इस दौरान सुरेन्द्रसिंह पटेल, रतनलाल पडियार, भेरूसिंह बडगोता, रविन्द्र पाटीदार, भीमालाल चौधरी, दिनेश चौधरी, सुभाष पटेल, चन्दरसिंह पटेल, कमलकिशोर वैष्णव, नरेन्द्रसिंह गलुण्डा, बद्रीलाल पाटीदार, मयाराम मेडा, ओमप्रकाश पाटीदार , राहुल शर्मा , जगदीशचंद्र डाबे शांतिलाल पाटीदार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *