संवाददाता सलीम खान
बलकवाड़ा में पहुंच मार्ग और पेयजल नहीं, पाटियापुरा में बिजली तक की व्यवस्था नहीं; पहले से संचालित भवनों के दोबारा लोकार्पण की चर्चा
कसरावद। विधानसभा क्षेत्र कसरावद में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों रुपये की लागत से स्वास्थ्य केंद्रों के नवीन भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इन केंद्रों तक पहुंचने के लिए सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं।
ग्राम बलकवाड़ा में निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन तैयार होने के बावजूद वहां आने-जाने के लिए समुचित मार्ग और पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार ग्राम पाटियापुरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में बिजली और पहुंच मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में सवाल उठता है कि केवल भवन निर्माण कर देने से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिल पाएंगी?
वहीं ग्राम टेमरनी एवं बड़गांव के नवीन स्वास्थ्य केंद्र भवनों का उपयोग लगभग एक माह पूर्व से ही प्रारंभ हो चुका है। इसके अतिरिक्त ग्राम बरसलाय एवं दुर्गापुर के उप स्वास्थ्य केंद्रों के नवीन भवनों का लोकार्पण दिनांक 04 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय विधायक द्वारा किया जा चुका है। इसके बावजूद इन भवनों के लोकार्पण को लेकर सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल द्वारा भी कार्यक्रम किए जाने की चर्चा सामने आ रही है।
इस स्थिति ने जनप्रतिनिधियों के बीच श्रेय लेने की राजनीति और विकास कार्यों के वास्तविक क्रियान्वयन को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्राथमिकता भवनों के लोकार्पण और कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं, पर्याप्त स्टाफ, दवाइयां और नियमित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करना अधिक महत्वपूर्ण है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इन स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं, ताकि ग्रामीणों को वास्तव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।





