जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर
सेवानिवृत्त आईएएस शैलेन्द्र कियावत ने एफएलसी प्रक्रिया का किया निरीक्षण, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन कराने के दिए निर्देश।
सरदारपुर। जनपद पंचायत सरदारपुर के जनपद पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में उप निर्वाचन-2026 के लिए नियुक्त प्रेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री शैलेन्द्र कियावत ने ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक कियावत ने ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करते हुए उप निर्वाचन को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मध्यप्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम, 1995 के नियम 19 के अंतर्गत श्री शैलेन्द्र कियावत को सरदारपुर जनपद पंचायत उप निर्वाचन के सुचारू संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।
प्रेक्षक कियावत प्रथम चरण में 18 से 23 नवंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण में 3 से 8 दिसंबर 2026 तक जिले में उपस्थित रहकर निर्वाचन प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। उनके द्वारा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का सतत पर्यवेक्षण किया जाएगा।





