धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
कपास एवं तुवर की फसल के बीच लगाए गए गांजे के 120 हरे पौधे जप्त
78.15 किलोग्राम गांजा पौधे बरामद, अनुमानित कीमत ₹11,72,250/-
शासकीय चरनोई भूमि पर अवैध गांजा खेती का खुलासा, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
उल्लेखनीय पुलिस कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धार सचिन कुमार शर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय कुमार डावर के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कुक्षी ओ.पी. अहीर एवं थाना प्रभारी कुक्षी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम गठित कर अवैध गांजा खेती के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा गोपनीय सूचनाओं का संकलन एवं लगातार खेतों की सर्चिंग करते हुए ग्राम निंबोल में अवैध गांजा खेती का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 03.11.2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम निंबोल में तालाब के पास एक व्यक्ति अपने खेत में कपास एवं तुवर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान ग्राम निंबोल स्थित तालाब के किनारे कुएं के पास पहुंची। वहां कपास के खेत में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कमल पिता राधेश्याम बामनिया, जाति भील, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम निंबोल (भीलटपुरा), थाना कुक्षी बताया तथा खेत स्वयं का होना बताया।
पुलिस कार्रवाई एवं गांजे की बरामदगी
पुलिस टीम द्वारा संदेही कमल बामनिया के साथ खेत की तलाशी लेने पर कपास एवं तुवर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगे हुए पाए गए।
उक्त भूमि के स्वामित्व एवं स्थिति की जानकारी प्राप्त करने हेतु तहसीलदार कुक्षी को पत्र भेजकर पटवारी हल्का नंबर 100, निंबोल को मौके पर बुलाया गया। पटवारी द्वारा मौखिक रूप से उक्त भूमि शासकीय चरनोई की होकर आरोपी कमल पिता राधेश्याम बामनिया के कब्जे में होना बताया गया।
पुलिस टीम द्वारा पंचानों एवं हमराह बल की सहायता से गांजे के पौधों को उखड़वाकर विधिवत गिनती एवं तौल की गई। मौके पर गांजे के कुल 120 हरे पौधे, वजन 78.15 किलोग्राम, पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹11,72,250/- है। उक्त गांजे के पौधों को विधिवत जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कमल पिता राधेश्याम बामनिया
जाति – भील
उम्र – 50 वर्ष
निवासी ग्राम निंबोल (भीलटपुरा), थाना कुक्षी, जिला धार
वैधानिक कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध अवैध मादक पदार्थ गांजे की खेती करने के संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जप्त मशरुका
गांजे के हरे पौधे – 120 नग
कुल वजन 78.15 किलोग्राम
अनुमानित कीमत ₹11,72,250/-
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कुक्षी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी निसरपुर जयपाल बिल्लौरे, सउनि भुवन चौहान, प्रधान आरक्षक किशोर एवं आरक्षक अर्जुन, थानसिंह, गौरव, सुभाष, किशन एवं निहालसिंह का विशेष योगदान रहा।
धार पुलिस ऑपरेशन “प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध।





