जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार दसई
14.368 लीटर औसत दूध उत्पादन के साथ हासिल किया पहला स्थान, एक लाख रुपये का पुरस्कार।
सरदारपुर/दसई पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत दसई स्थित गोपाल कृष्ण गौशाला में भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता उपसंचालक डॉ. राकेश सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इसमें वृंदावन ग्राम की 8 गायों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में 30 अक्टूबर को सुबह 7 बजे एवं शाम 6 बजे तथा 31 अक्टूबर को सुबह 7 बजे दूध दोहन कर औसत दैनिक दुग्ध उत्पादन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए।
प्रतियोगिता में कमलेश शम्भुलाल पाटीदार की गिर नस्ल की गाय ने 14.368 लीटर औसत दैनिक दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर एक लाख रुपये का पुरस्कार हासिल किया। वहीं कन्हैयालाल रमेशचंद पाटीदार की साहीवाल गाय 11.029 लीटर उत्पादन के साथ द्वितीय स्थान पर रही, जिन्हें 50 हजार रुपये तथा राधेश्याम नानूराम पाटीदार की गिर गाय 10.873 लीटर उत्पादन के साथ तृतीय स्थान पर रही, जिन्हें 25 हजार रुपये के पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम अजमेर सिंह गौड़, एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, गौशाला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 208 चयनित वृंदावन ग्रामों में संचालित इस योजना का उद्देश्य गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं मालवी जैसी देशी उन्नत नस्लों का संरक्षण, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालकों को प्रोत्साहित करना है।





