जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न डेयरी, मिठाई दुकानों, किराना स्टोर एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर दूध, मावा, पनीर, मिठाई, घी, खाद्य तेल सहित कुल 14 नमूने जांच के लिए लिए गए।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेश के पालन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामगोपाल मऊटा एवं सुभाष खेड़कर ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
धार स्थित शिवम दूध संकलन केंद्र, मांडव लिंक रोड से मिक्स मिल्क के दो नमूने तथा अनिक मिल्क प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के मिल्क चिलिंग सेंटर, इंदौर-अहमदाबाद हाईवे, नौगांव से गाय के दूध के दो नमूने लिए गए। तिरुपति नगर स्थित श्री डेयरी से मावा, खुला घी एवं पनीर के नमूने एकत्र किए गए।
इसी तरह पीथमपुर के सागौर कुटी चौराहा स्थित पद्म स्वीट्स से खुले मावा एवं मिल्क केक मिठाई के नमूने लिए गए। कृष्णा किराना स्टोर से पैक पराग हल्दी पाउडर का नमूना जांच के लिए लिया गया। सरदारपुर तहसील के ग्राम राजोद स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट से खुली सेव एवं मिल्क केक मिठाई, मधुर रेस्टोरेंट से खुली बर्फी तथा ग्राम लाबरिया स्थित महाकाल रेस्टोरेंट से खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया।
विभागीय जानकारी के अनुसार, कुल 14 नमूनों में दूध के चार, घी का एक, पनीर का एक, हल्दी पाउडर का एक, मावा के दो, सोयाबीन तेल का एक, मिठाई के तीन तथा सेव का एक नमूना शामिल है। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।





