ad
best news portal development company in india

भाजपा राज में अधिकारी मस्त, जनता त्रस्त, जिला सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया तो करेंगे चक्काजाम और प्रदर्शन-महेश पटेल

SHARE:

सरकार की जनविरोधी नीतियों और बिजली कटौती के विरोध मे कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

बिलाल खत्री
आलीराजपुर। जिले में अल्पवर्षा से किसानों की फसलें प्रभावित होने और ग्रामीण अंचलों में बेतहाशा बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल एवं ओमप्रकाश राठौर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिनेमा चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ढोल-ढमाकों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित बिजली समस्या के निराकरण की मांग को लेकर कलेक्टर नीतू माथुर को ज्ञापन सौंपा।

प्रभारी मंत्री और कैबिनेट मंत्री के बीच आपसी गुटबाजी के चलते विकास कार्य प्रभावित

प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए महेश पटेल ने कहा कि इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने से आलीराजपुर जिले में खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ा है। अल्पवर्षा के चलते खेतों में खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं और किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ऐसी स्थिति में सरकार को जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए। पटेल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिले की प्रभारी मंत्री और कैबिनेट मंत्री के बीच आपसी गुटबाजी के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में अधिकारी मस्त हैं और जनता त्रस्त है। मंत्रियों की कथित गुटबाजी का फायदा अधिकारी उठा रहे हैं, जबकि आमजन अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं। श्री पटेल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूली बच्चों को तेज धूप में कार्यक्रमों में बुलाए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि बच्चों की सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाना चाहिए। पटेल ने चेतावनी देते हुवे कहा की आगामी दिनों में जिले को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया और बिजली कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के समापन पर जिलेभर में प्रधानमंत्री का पुतला दहन, चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा

कांग्रेसी नेता ओमप्रकाश राठौर ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदिवासी किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। किसानों की परेशानी को देखते हुए जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की दिशा में तत्काल कार्रवाई जरूरी है। युवा नेता तरुण मंडलोई ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहने से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनियमित बिजली आपूर्ति का असर ग्रामीण जनजीवन के साथ किसानों की खेती पर भी पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर नीतू माथुर को ज्ञापन सौंपकर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, प्रभावित किसानों को राहत देने तथा बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल, वरिष्ठ नेता कैलाश चौहान, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा, खुर्शीद अली दिवान, हरीश भाभर, लईक भाई, गोहायडा भाई, पारसिंह बारिया, भरत राज जाधव, समरथमल राठौड़, सानी मकरानी, साबिर बाबा, अंगरसिंह चौहान, कुंवरसिंह भाई, बाथू भाई, इरफान मंसूरी, मनीष चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई