जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार बड़ोदिया
लोड सेटिंग के नाम पर रात ही नहीं, दिन में भी घंटों बिजली गुल; चोरों के खौफ के बीच ग्रामीण परेशान।
बड़ोदिय,। सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ोदिया गांव में बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोड सेटिंग के नाम पर रोजाना रात में घंटों बिजली बंद रखी जाती है। अब तो दिन में भी कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर किसी भी जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आखिर रोजाना रात में कौन-सी लोड सेटिंग होती है, जिसके चलते घंटों बिजली बंद रखी जाती है। ग्रामीणो का कहना है कि उमस भरी गर्मी, मच्छरों और अंधेरे के कारण रात का समय गुजारना मुश्किल हो रहा है। रात में तो लोड सेटींग के नाम पर लाइट बंद रहती है परन्तु
अब तो सुबह होते ही बिजली कटौती होने लगी है। इससे लोगों के घरेलू कामकाज और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणजनो का कहना है। आखिर रोजाना दिन-रात कोन सा लोड सेटींग कर रहा विद्युत विभाग।
रात के अंधेरे में चोरों का खौफ
रात के समय बिजली बंद रहने से गांव में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को चोरी की आशंका सताती रहती है। बिजली कटौती के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में बिजली गुल रहने से गांव की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल
बिजली कटौती की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की इस गंभीर समस्या पर न तो कोई जनप्रतिनिधि प्रभावी ढंग से आवाज उठा रहा है और न ही समस्या का स्थायी समाधान होता दिखाई दे रहा है। आखिर ग्रामीण अपनी समस्या लेकर किसके पास जाएं?
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि लोड सेटिंग के नाम पर होने वाली घंटों की बिजली कटौती का कारण स्पष्ट किया जाए तथा दिन और रात में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि बिजली विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की इस समस्या पर कब ध्यान देते हैं और उन्हें बिजली कटौती से राहत कब मिलती है।





