ad
best news portal development company in india

पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर द्वारा थाना आंबुआ एवं जोबट का वार्षिक निरीक्षण किया गया

SHARE:

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जोबट में पुलिस संबंधी शिकायतों को सुनकर निराकरण हेतु दिए निर्देश

जोबट से शाहरुख खत्री
आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, ग्रामीण जोन इंदौर अनुराग, भापुसे द्वारा वार्षिक निरीक्षण के निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिला आलीराजपुर का दिनांक 07 अक्टूबर 2026 से दो दिवसीय भ्रमण किया गया। इस दौरान दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण संपन्न करने के पश्चात दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को जोबट अनुभाग के थाना आंबुआ एवं थाना जोबट का वार्षिक निरीक्षण किया गया।


वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जोबट/आंबुआ थानों के भवनों एवं परिसर का भ्रमण कर प्रत्येक कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसमें थाना कार्यालय, थाना प्रभारी कक्ष, हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार, बंदीगृह, हवालात, रिकॉर्ड रूम, महिला हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष तथा अन्य उपलब्ध कक्षों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। संबंधित अभिलेखों, मालखाने में रखी संपत्ति, शस्त्रों एवं अन्य सामग्री के रखरखाव, बंदीगृह की व्यवस्था तथा थाना परिसर की साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान थानों में संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का परीक्षण भी किया गया। इनमें प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, गिरफ्तारी रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, गुम इंसान रजिस्टर, गुमशुदा एवं बरामदगी संबंधी रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, जब्ती रजिस्टर, समंस/वारंट रजिस्टर संबंधी अभिलेख, निगरानी बदमाश एवं गुंडा रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, बीट रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, जनरल डायरी, ड्यूटी रजिस्टरों का परीक्षण किया गया। अभिलेखों का नियमित संधारण, अद्यतन प्रविष्टियां एवं लंबित मामलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


वर्तमान समय में अपराधों में तकनीक के बढ़ते उपयोग को दृष्टिगत रखते हुए सीसीटीएनएस, साइबर अपराधों से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं तथा डिजिटल अभिलेखों के प्रभावी उपयोग के संबंध में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही थाना स्टाफ से रूबरू चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर थाना आंबुआ परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।


वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना जोबट परिसर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस संबंधी शिकायतों के आवेदकों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा समक्ष में सुना गया तथा प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।


उक्त वार्षिक निरीक्षण एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट आशुतोष पटेल, थाना प्रभारी जोबट विजय वास्कले एवं थाना प्रभारी आंबुआ मोहन डावर सहित संबंधित अधिकारी एवं अधीनस्थ पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *