ad
best news portal development company in india

धरना स्थल पहुंचे विधायक प्रताप ग्रेवाल, चर्चा और आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों ने खत्म की हड़ताल

SHARE:

जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़

चार दिन बाद काम पर लौटेंगे कर्मचारी, स्थानीय मांगों के निराकरण का अधिकारियों ने दिया आश्वासन।

राजगढ़। नगर में पिछले चार दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। विधायक प्रताप ग्रेवाल दोपहर में नगर परिषद परिसर में आयोजित धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर हड़ताल समाप्त करने की समझाइश दी। इस दौरान कर्मचारियों ने स्थानीय स्तर पर पूरी होने वाली मांगें विधायक के सामने रखीं। विधायक की मौजूदगी में एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ और सीएमओ ज्योति सुनारिया ने मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। शुक्रवार शाम से कचरा संग्रहण वाहन फिर से शुरू हो गए, जबकि शनिवार सुबह से कर्मचारी नियमित रूप से काम पर लौटेंगे।

1 मांगलिक भवन के लिए जमीन आवंटित करने की मांग।

चर्चा के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वाल्मीकि समाज को मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समाज के लिए मांगलिक भवन निर्माण के उद्देश्य से जमीन आवंटित की जाए। इसके अलावा 10 और 20 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार वेतनवृद्धि का लाभ देने की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने नए कर्मचारियों की भर्ती सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की।

2 स्थानीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन।

एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि स्थानीय स्तर पर पूरी होने वाली मांगों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ ज्योति सुनारिया ने कहा कि स्थानीय स्तर पर निराकरण योग्य मांगों को नियमानुसार पूरा किया जाएगा। शासन स्तर से संबंधित मांगों के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी। इससे नगर में सफाई व्यवस्था बहाल होने का रास्ता साफ हो गया है।

नगरहित में सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी:


विधायक।

विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि सफाईकर्मियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं का नियमानुसार निराकरण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा असर आम नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण पर पड़ता है। कर्मचारियों और प्रशासन के बीच आपसी संवाद से समस्याओं का समाधान निकालना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर में सफाई व्यवस्था नियमित होगी और नागरिकों को गंदगी से राहत मिलेगी।
इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भंवरसिंह बारोड़, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक जैन, पार्षद राजेश गुंडिया, पार्षद प्रतिनिधि भारत सिंगार, पत्रकार प्रभुसिंह राजपूत, लेखापाल आरएस वसुनिया, अर्जुन चोयल, पूर्व पार्षद देवीलाल भिड़ौदिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *