धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
अव्यवस्थाओं पर संभागायुक्त ने जताई कड़ी नाराजगी, ऑफिस रिकॉर्ड मेंटेन करने के दिए निर्देश
धार 9 अक्टूबर 2026।‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ के अंतर्गत संभागायुक्त इंदौर भास्कर लक्षकार द्वारा आज जिले के बाग स्थित एकलव्य आवासीय कन्या शिक्षा परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं, सुविधाओं तथा संस्थागत अभिलेखों का जायजा लेते हुए संभागायुक्त ने पाई गई अनियमितताओं व कमियों पर गहरा असंतोष व्यक्त किया ।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार ने संस्था के ऑफिस रिकॉर्ड, उपस्थिति पंजी से संबंधित फाइलों का गहनता से अवलोकन किया। रिकॉर्ड संधारण में पाई गई कमियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित स्टाफ को सभी शासकीय अभिलेखों को अद्यतन एवं पारदर्शी तरीके से व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने परिसर में अध्ययनरत छात्राओं के आवास, भोजन, स्वच्छता तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ का मूल उद्देश्य शासकीय सेवाओं और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। छात्राओं की शिक्षा एवं कल्याण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे परिसर की सभी कमियों का निराकरण समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित कराएं। इस दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना, सहायक कलेक्टर आशी शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आशीष पाटिल, सहित संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





