जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
कलेक्टर-एसपी ने पुरानी सब्जी मंडी पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
धार। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुरानी सब्जी मंडी, धार स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में संशोधन के बाद अब विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली यात्राएं प्रातः 9 बजे पुरानी सब्जी मंडी में एकत्रित होंगी। सुबह 9 से 10 बजे तक देशभक्ति गीतों का वादन होगा। मुख्य अतिथियों का कार्यक्रम स्थल पर प्रातः 10 बजे आगमन होगा। इसके बाद 10:10 बजे दिल्ली से लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रातः 10:55 बजे सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा तथा 11 बजे ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित की जाएगी। इसके पश्चात राष्ट्रगान होगा और फिर सेवा ज्योति यात्राओं को रवाना किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने सुरक्षा व्यवस्था, मंचीय एवं बैठक व्यवस्था, जन-सुविधाओं, पार्किंग, पेयजल तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाए।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





