शेख़ नसीम। भोपाल / वाहन चेकिंग के दौरान अधिवक्ता राकेश पटेल के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार सहित दो आरक्षकों यश लखेरा और रामस्वरूप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस उपायुक्त ने पूरे मामले की जांच कर 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अधिवक्ता राकेश पटेल ने थाना जहांगीराबाद के टीआई और दो आरक्षकों पर उन्हें थाने ले जाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने कथित मारपीट के निशान भी दिखाए। मामले की जानकारी मिलने के बाद 50 से अधिक अधिवक्ता थाना जहांगीराबाद पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन देर रात करीब 3 बजे तक जारी रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार, आरक्षक यश लखेरा और आरक्षक रामस्वरूप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
हालांकि, निलंबन की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ता तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अधिवक्ताओं का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है और कथित मारपीट के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।





