जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर किया सम्मानित।
धार। अंतर्राज्यीय ATM चोरी गिरोह के आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाने वाली कानवन पुलिस एवं डायल-112 टीम को पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा ने प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
02 मार्च 2026 को थाना प्रभारी कानवन निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो S11 का करीब 16 किलोमीटर तक पीछा कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन सवार पांच व्यक्ति छोकला टोल टैक्स के पहले वाहन छोड़कर सोयाबीन के खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साहिल उर्फ दातु खान को पकड़ लिया।
फरार आरोपियों की तलाश में ड्रोन से सर्चिंग कराई गई। ग्रामीणों के सहयोग से चलाए गए अभियान में एक अन्य आरोपी कमरयाब को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन एवं 3.60 लाख रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों के तार कर्नाटक के विजयपुर जिले में ATM काटकर रुपये चोरी करने की वारदात से जुड़े पाए गए। थाना कुडगी, जिला विजयपुरा में संबंधित मामले में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत प्रकरण दर्ज होना पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद कर्नाटक पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने टीम के त्वरित रिस्पॉन्स, समन्वय एवं साहस की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तत्परता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।





