धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
50 युवाओं ने कराया पंजीयन, 17 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन
धार, 03 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मनावर में जिला स्तरीय ‘युवा संगम एवं उद्यम संवाद’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवा संगम में 50 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 17 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।चयनित युवाओं में अल्ट्राटेक मनावर में 05, एलआईसी मनावर में 07 तथा सागर सीमेंट, जीराबाद में 05 युवाओं का चयन हुआ। चयनित युवाओं को केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय उद्यमियों एवं युवाओं से उद्योग, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।जिला रोजगार अधिकारी श्री सतीश डोडिया ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा संगम एवं उद्यम संवाद जैसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।





