त्योहारों के दृष्टिगत शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
27 अगस्त को सेंधवा के मोहनपड़ावा क्लस्टर की 13 पंचायतों में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
बिलाल खत्री
बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, राजस्व प्रकरणों तथा आगामी अभियानों की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों पर कानून-व्यवस्था एवं शांति समिति की बैठक
कलेक्टर ने आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में पूर्ण शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने तथा जिला व ब्लॉक स्तर पर अनिवार्य रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
खाद का अग्रिम भंडारण एवं पीओएस मशीन की ट्रैकिंग
जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान मार्कफेड अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस पर कलेक्टर ने आगामी फसलों की मांग के अनुरूप अग्रिम भंडारण हेतु तत्काल मांग-पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही, समिति-वार समीक्षा कर पीओएस मशीनों के नियमित अपडेशन की निगरानी करने के निर्देश दिए।
फार्मर रजिस्ट्री निर्माण कार्य शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी कार्य की धीमी गति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त कर समस्त राजस्व अधिकारियों को अगले एक सप्ताह में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। अगले सप्ताह प्रगति न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों का एक सप्ताह का वेतन काटा जाएगा। फ़ॉर्मर आई डी निर्माणकार शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। पटवारी-वार समीक्षा कर दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा आरसीएमएस पोर्टल पर नामांतरण प्रकरणों का निराकरण 85% से अधिक करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 27 अगस्त को
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आगामी 27 अगस्त को सेंधवा जनपद की मोहनपड़वा क्लस्टर की 13 पंचायतों में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने पूर्व में आयोजित शिविर में सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी की लंबित शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निवारण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एएनसी पंजीयन गैप को कम करने, हाई-रिस्क प्रेगनेंसी , गंभीर एनीमिया पीड़ित महिलाओं की ट्रैकिंग, टीबी उन्मूलन तथा निक्षय मित्र योजना के तहत फूड बास्केट वितरण की समीक्षा की। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनपद सीईओ को आंगनवाड़ी भवनों, शौचालयों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम आवास, मनरेगा एवं पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को समय पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल,अपर कलेक्टर हेमलता सोलंकी, एसडीएम बड़वानी भूपेंद्र रावत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।





