बिलाल खत्री
आलीराजपुर मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं का सत्रारंभ समारोह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कठ्ठीवाड़ा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता श्री जयराज सिंह उपस्थित रहे ।
जिला समन्वयक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद अधिकारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास के साथ ग्राम विकास में सहभागिता की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों को प्रयोगशाला ग्राम में छह दिवस व्यावहारिक गतिविधियों तथा रविवार को सैद्धांतिक अध्ययन कराया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर स्वैच्छिकता एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
साथ ही श्रम साधना, ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं पारंपरिक खेलों जैसी गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर परामर्शदाता एवं बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





