बिलाल खत्री आलीराजपुर।
ग्राम उबलड के तीन अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल और जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने संवेदनशील पहल की।
ग्राम उबलड के सरपंच लक्ष्मण डावर तीनों बच्चों को लेकर महेश पटेल के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चों के माता-पिता का निधन हो चुका है और बच्चे आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। बच्चों के आधार कार्ड लगभग बन चुके हैं, जबकि अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया जारी है, ताकि तीनों बच्चों का स्कूल में दाखिला कराया जा सके।
बच्चों की स्थिति जानने के बाद महेश पटेल ने तीनों बच्चों के लिए कपड़े और जूते उपलब्ध कराए तथा ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सेना महेश पटेल ने की ₹25 हजार सहायता की घोषणा
वहीं, जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने तीनों अनाथ बच्चों की मदद के लिए ₹25,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और जरूरी दस्तावेज पूरे कराने में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
सरपंच लक्ष्मण डावर ने जताया आभार
सरपंच लक्ष्मण डावर ने कहा कि तीनों बच्चों के माता-पिता नहीं हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। ऐसे समय में महेश पटेल द्वारा बच्चों के लिए कपड़े, जूते और आर्थिक सहायता देना बड़ी मदद है। उन्होंने महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल का आभार व्यक्त किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर तीन अनाथ बच्चों की सहायता की यह पहल मानवता, सेवा और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती है।






