संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़ ( धार )
राजगढ़। श्रावण माह के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को मां माही शबरी कावड़ यात्रा का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। यात्रा में 116 गांव के 10 हजार से अधिक कावड़ यात्री शामिल हुए। जिन्होंने करीब 4 घंटे में लगभग 18 किलोमीटर का सफर तय कर झिरणेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। गगन भेदी जयघोष के साथ निकली कावड़ यात्रा में आस्था, उमंग और सामाजिक समरसता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कावड़ यात्रा का जगह-जगह विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक संस्थाओं द्वारा स्वागत कर अल्पहार करवाया गया।
धर्मसभा का हुआ आयोजन –
सोमवार प्रातः करीब 9 बजे 116 गांवो के ग्रामीण प्राचीन नरसिंह देवला धाम पहुंचे। यहां पर धर्मसभा का आयोजन हुआ। यहां धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राजेश डावर जनजाति विकास मंच रतलाम विभाग प्रमुख ने कहा कि हम सब हिंदू एक हैं हम सभी सनातनी हैं मतांतरण करवाने वाली ताकते कितना भी जोर लगा ले हमें अपने धर्म, अपनी परंपराओं ओर संस्कृति को नही छोड़ना हैं। उन्होंने कावड़ यात्रा में शामिल मातृशक्ति से आव्हान किया कि वे बच्चों को अच्छे संस्कार दे ताकि वे किसी के बहकावे में ना आए और धर्म ध्वजा को थामते हुए अपनी सनातन संस्कृति का नेतृत्व करें। इस दौरान ज्योतिषाचार्य सुभाष शर्मा दत्तीगांव, समाजसेवी सुरेश गुंडिया व मोहन मारू भी मंचासीन रहे। धर्मसभा के समापन के पश्चात पवित्र मां माही का जलभकर कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा नरसिह देवला धाम से पसावदा, सरदारपुर, राजगढ़ से फोरलेन रोड़ होते हुए यात्रा झिरणेश्वर महादेव धाम पहुंची। जहां कावड़ यात्रियों ने भगवान झिरणेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रा का स्वागत –
डीजे की धुन पर कावड़ यात्री नाचते झूमते हुए निकले। भगवा पताकाओं से संपूर्ण यात्रा मार्ग पट गया। कावड़ यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओ ने जगह-जगह स्वागत कर जल, दूध, फल, चाय व खिचड़ी की व्यवस्था की गई। कावड़ यात्रा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जबरजस्त उत्साह देखा गया। ग्रामीण क्षेत्र से चार पहिया वाहनों से ग्रामीण नरसिह देवला पहुंचे तथा कावड़ उठाकर झिरणेश्वर धाम तक पहुंचे। वही यात्रा के समापन पर झिरणेश्वर धाम में बड़ोदिया, भोपावर, बिछिया सहित 7 गांवो के समाजजनों द्वारा भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। जिसमें प्रत्येक कावड़ यात्री ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। साथ ही सभी श्रद्धालुओं को अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण भी किया गया।
प्रशासन कि रही चाक चौबंद व्यवस्था –
कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर रखी थी। पुलिस बल ने संपूर्ण मार्ग में यातायात व्यवस्था संभाली वही स्वास्थ्य विभाग का अमला भी तैनात रहा। नरसिंह देवला व झिरणेश्वर में माही घाट पर एनडीआरएफ का अमला मुस्तेद रहा। यात्रा के दौरान सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, सरदारपुर टीआई अनिल कुमार जाधव, राजगढ़ टीआई समीर पाटीदार सहित विभिन्न अधिकारी तैनात रहे।





