बिलाल खत्री
आलीराजपुर पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य से जोड़ने की दिशा में सांसद अनिता नागरसिंह चौहान की अभिनव पहल लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में अभियान के अगले चरण में ग्राम वड़ी एवं डोबलाझिरी में घर-घर सुरजना (सहजन) के पौधे लगाए गए।
वड़ी में 330 पौधों का सामूहिक रोपण
ग्राम वड़ी में प्रत्येक घर के बाहर 330 सुरजना के पौधे लगाए गए। इस अभियान में गांव की सभी फलियों में एक साथ स्कूली बच्चों को पहुंचाया गया, जिन्होंने एक ही समय पर सामूहिक रूप से सुरजना के पौधों का रोपण किया।बच्चों की सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण के साथ उन्हें स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्चों को पौधों की देखभाल के साथ सुरजना के उपयोग एवं लाभों की जानकारी भी दी गई।
डोबलाझिरी में घर-घर लगाए 120 पौधे
इसी क्रम में ग्राम डोबलाझिरी में 120 सुरजना के पौधे घर-घर पहुंचाए गए। अभियान में ग्राम के किसान भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने घरों के बाहर सुरजना के पौधों का रोपण किया।
छोटे पौधे, बड़े लाभ ग्रामीणों को बताया गया कि सुरजना पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसकी पत्तियां और फलियां भोजन में उपयोग की जाती हैं। इसमें विटामिन, कैल्शियम, आयरन और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो संतुलित आहार में उपयोगी हैं। साथ ही, घर में पौधा होने से परिवार को स्थानीय स्तर पर पौष्टिक सब्जी उपलब्ध हो सकती है।
इस अवसर पर कैलाश चौहान, सरपंच धुंधा कलेश, सरपंच सुरेश मंडलोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सांसद श्रीमती चौहान के इस नवाचार के माध्यम से “हर घर सुरजना—हर परिवार पोषण” के संदेश को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। घर-घर पौधे लगाने के साथ बच्चों, परिवारों और किसानों को पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण से जोड़ने की यह पहल ग्रामीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बनकर सामने आ रही है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता द्वारा दी गई।





