लोक निर्माण मंत्री ने भोपाल की सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर दिए सुधार के कड़े निर्देश; मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी करेंगे गहन निरीक्षण
क्विक सेट सीमेंट और पेवर ब्लॉक से तत्काल भरे जाएंगे गड्ढे;
जनसंपर्क खबर : भोपाल
भोपाल (12 अगस्त 2026) | लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने वर्षाकाल के कारण भोपाल शहर में विभाग की क्षतिग्रस्त सड़कों और विभिन्न स्थानों पर हुए गड्ढों को गंभीरता से लेते हुए उनकी तत्काल मरम्मत के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के कारण नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ अधिकारी आज ही सड़कों पर उतरकर करें निरीक्षण
मंत्री राकेश सिंह ने भोपाल की सड़कों की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए मुख्य अभियंता (ब्रिज) और मुख्य अभियंता (भोपाल) को निर्देशित किया कि वे आज ही शहर की प्रमुख सड़कों, पुलों और यातायात की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों को चिह्नित कर बिना किसी देरी के सुधार कार्य प्रारंभ कराया जाए।
तत्काल राहत के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग
मंत्री ने कहा कि वर्षा के कारण जहाँ डामरीकरण अथवा स्थायी मरम्मत तत्काल संभव नहीं है, वहाँ क्विक सेट सीमेंट, पेवर ब्लॉक अथवा अन्य उपयुक्त तकनीक का उपयोग कर गड्ढों को तुरंत भरा जाए। सुधार कार्य इस प्रकार किया जाए कि नागरिकों को शीघ्र राहत मिले और वाहनों का सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित हो सके।
- क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी की जाए।
- बारिश के दौरान पुनः गड्ढे होने पर त्वरित कार्रवाई के लिए मैदानी अमले को अलर्ट मोड पर रखा जाए।
- प्रमुख मार्गों के साथ-साथ आंतरिक और संपर्क सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए।
- सड़क मरम्मत केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, हर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित हो।
- संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की निगरानी करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निरीक्षण और सुधार कार्यों की प्रगति रिपोर्ट से लगातार अवगत कराने के भी निर्देश जारी किए हैं।





