ad
best news portal development company in india

पर्यटन क्विज में टैलेंट विद्यालय धार ने मारी बाजी, विद्यार्थियों ने दिखाया ज्ञान का दम।

SHARE:


संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार 

जिले के 217 विद्यालयों के 651 विद्यार्थियों सहित करीब 900 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, पर्यटन एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों पर हुई रोचक स्पर्धा।

धार। पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने, प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों की जानकारी से उन्हें परिचित कराने तथा सामान्य ज्ञान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित पर्यटन क्विज में जिलेभर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में जिले के 217 विद्यालयों के 651 विद्यार्थियों सहित करीब 900 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
इसके बाद चयनित छह टीमों के बीच केबीसी की तर्ज पर मल्टीमीडिया क्विज आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कुल 10 राउंड हुए। प्रत्येक राउंड में विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ा। प्रश्नों में मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व के प्रमुख स्थलों के साथ ही वन अभयारण्यों, किलों और प्रदेश में शूट की गई फिल्मों से संबंधित विषयों को शामिल किया गया। मल्टीमीडिया के माध्यम से पूछे गए सवालों ने प्रतियोगिता को रोचक और ज्ञानवर्धक बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के साथ दर्शकों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा गया। क्विज के विभिन्न चरणों में दर्शकों से भी प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले दर्शकों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इससे पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मल्टीमीडिया क्विज में टीमों के प्रदर्शन और प्राप्त अंकों के आधार पर टैलेंट विद्यालय, धार को विजेता घोषित किया गया। विद्यालय की टीम ने सभी राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सर्वोदय अकादमी, खलघाट ने द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कानवन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में गौतम इंटरनेशनल एकेडमी, धार चौथे, शासकीय भोज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धार पांचवें तथा स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दसई छठवें स्थान पर रहा।
विजेताओं को पर्यटन स्थलों के भ्रमण के कूपन
विजेता एवं चयनित टीमों को मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आने-जाने, भ्रमण एवं ठहरने की सुविधा वाले कूपन प्रदान किए गए। इसके साथ ही विजेता एवं चयनित प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण धार जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री, सहायक संचालक जनजातीय कार्य श्री आनंद पाठक एवं मालवा रिसोर्ट मांडव के प्रबंधक श्री इलियास द्वारा किया गया।

प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था
क्विज प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के लिए आयोजकों की ओर से स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई।कार्यक्रम की जानकारी जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी एवं क्विज मास्टर श्री प्रवीण शर्मा द्वारा दी गई।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई