संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक “हर घर तिरंगा” अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न जन-जागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी।
अभियान के अंतर्गत तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रेरित कला, तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी, पत्र लेखन, तिरंगा मेला तथा अन्य जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्वयं सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक आयोजनों में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कराया जाएगा। राष्ट्रगीत के उपरांत राष्ट्रगान “जन गण मन” प्रस्तुत किया जाएगा तथा सभी प्रत्यक्ष आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराना अथवा प्रदर्शित करना सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के दौरान नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के अवसर पर शांति मार्च, श्रद्धांजलि सभा, चित्र प्रदर्शनी तथा विभाजन से प्रभावित परिवारों के अनुभव साझा कराने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
जिले के सभी विभागों, नगरीय निकायों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक घर, कार्यालय एवं प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा अधिकाधिक नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।





