संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष (एक्टिंग चेयरपर्सन) श्रीमती विजया भारती सयानी द्वारा सोमवार को जिला जेल धार का औचक भ्रमण एवं सूक्ष्म अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष के साथ एडवोकेट श्री अश्विनी के. जोशी, एडवोकेट श्री अतुल सिंह ठाकुर एवं सुश्री पूनम हिरवानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला जेल भ्रमण के दौरान जेल अधीक्षक राजाराम डांगी द्वारा कार्यवाहक अध्यक्ष एवं उनके साथ आए दल को संपूर्ण जेल परिसर का विस्तृत निरीक्षण करवाया गया। विजया भारती सयानी ने जेल की बैरकों, रसोईघर, चिकित्सा कक्ष, सफाई व्यवस्था तथा बंदियों के खान-पान एवं रहन-सहन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उनके मानवाधिकारों के संरक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही अन्य सेवाओं की जानकारी ली।
जेल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और अनुशासित प्रबंधन को देखकर कार्यवाहक अध्यक्ष विजया भारती सयानी ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की और व्यवस्थाओं पर पूर्ण संतुष्टि जताई। इस अवसर पर जेल अधीक्षक राजाराम डांगी सहित जेल स्टॉफ के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





