संवाददाता : दिलीप पाटीदार सरदारपुर ( धार )
सरदारपुर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सरदारपुर द्वारा कस्बा सरदारपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत खेल परिसर सरदारपुर के युवाओं, स्पोर्ट्स क्लब के संजय दीक्षित एवं सुदीप तिवारी, समाधान समाज सेवा धार (एनजीओ) के प्रतिनिधियों,व रामदेव राठौर, थाना प्रभारी सरदारपुर श्री अनिल कुमार जाधव तथा थाना स्टाफ की सहभागिता में मैराथन दौड़ आयोजित की गई।
मैराथन के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
थाना प्रभारी श्री अनिल कुमार जाधव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत थाना सरदारपुर पुलिस द्वारा समय-समय पर विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज को नशामुक्त एवं जागरूक बनाने के लिए प्रभावी प्रयास जारी रह सकें।





