धार ब्यूरो चीफ इकबाल खत्री
धार पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना कुक्षी द्वारा जनजागरूकता के उद्देश्य से अनुभाग स्तरीय मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
यह मैराथन न्यायालय परिसर, कुक्षी से प्रारंभ होकर विजय स्तंभ होते हुए नगर पालिका परिषद, कुक्षी पर समाप्त होगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है।
मैराथन में माननीय न्यायाधीशगण एवं न्यायालय का स्टाफ एवं अधिवक्तागण, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), एमपीईबी, स्वास्थ्य विभाग, के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, युवा एवं छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।
पुलिस थाना कुक्षी द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होकर “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान को सफल बनाएं तथा समाज को नशामुक्त बनाने के इस जनआंदोलन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।





